किसी भी आंदोलन की शुरुआत भले ही एक नारे, घटना या सरकारी फैसले के विरोध से होती हो, लेकिन उसे लंबे समय तक सड़कों पर बनाए रखने के लिए जनसमर्थन के साथ आर्थिक व्यवस्था, संसाधनों का प्रबंधन और निरंतर वित्तीय प्रवाह भी चाहिए। सोचिए, किसी शहर के प्रमुख राजमार्ग पर हजारों लोग कई सप्ताह तक डेरा जमाए रहें, तो उनके भोजन, पानी, आवास, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा की व्यवस्था कौन करता है? टेंट, मंच, लाउडस्पीकर, जनरेटर और बिजली का बिल कौन भरता है? रोजाना पहुंचने वाली खाद्य सामग्री कहां से आती है? यही प्रश्न आंदोलन का आर्थिक चरित्र खोलते हैं।
आमतौर पर चर्चा वैचारिक उद्देश्यों, नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव तक सीमित रहती है। मीडिया भीड़, भाषण और टकराव दिखाता है, लेकिन उसे वहां तक पहुंचाने और बनाए रखने वाली आर्थिक मशीनरी पर कम चर्चा होती है। दीर्घकालिक आंदोलन व्यवस्थित लॉजिस्टिक्स के बिना नहीं चल सकता। इसे कॉर्पोरेट प्रोजेक्ट की तरह समझिए, जहां मानव संसाधन, आपूर्ति श्रृंखला, वित्त, संचार, कानूनी प्रबंधन और जनसंपर्क की अलग-अलग जिम्मेदारियां होती हैं। अंतर यह है कि कंपनी का घोषित उद्देश्य लाभ कमाना है, जबकि आंदोलन परिवर्तन का दावा करता है।
जुलाई 2026 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी के प्रदर्शन पर द इंडियन एक्सप्रेस और द प्रिंट की 22 जुलाई 2026 की रिपोर्टों के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर स्विग्गी और जोमाटो के माध्यम से सैकड़ों खाद्य सामग्री के ऑर्डर पहुंच रहे थे। इनमें चाय, समोसे, बर्गर, पिज्जा, बिरयानी और अन्य फास्ट फूड शामिल थे। कई ऑर्डर किसी विशेष व्यक्ति के नाम पर नहीं, बल्कि सीधे जंतर-मंतर के पते पर बुक किए जा रहे थे, ताकि वहां मौजूद कोई भी प्रदर्शनकारी भोजन कर सके। दूसरी ओर, वहां सामुदायिक लंगर, भोजन वितरण केंद्र और एक्टिविस्टों के माध्यम से भी लगातार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी। यह निश्चित रूप से जनसहयोग का एक रूप हो सकता है, लेकिन सैकड़ों अनाम ऑर्डरों की निरंतर आपूर्ति उनके वित्तीय स्रोत और समन्वय को लेकर सवाल भी खड़े करती है। द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट में सीजेपी प्रदर्शन के दौरान कंटेंट क्रिएटर्स तक पहुंची पेड-कैंपेन संबंधी पेशकशों और एजेंसियों के जरिए इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ने की प्रक्रिया का उल्लेख है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच 3 नवंबर 2026 को बेंगलुरु में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके को अमेरिका स्थित दानदाताओं से और उसके सह-संस्थापक आशुतोष रांका को पाकिस्तानी राजनेताओं से आर्थिक सहायता मिली है। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “There is enough evidence to show that they are being funded by unauthorised sources”।
इस ढांचे का पहला हिस्सा लॉजिस्टिक्स है। प्रदर्शन स्थल पर टेंट सिटी खड़ी करने के लिए भूमि, तिरपाल, लोहे के ढांचे, बिस्तर, कंबल, बिजली, जनरेटर और स्वच्छता चाहिए। भोजन-पानी भी बड़ी चुनौती है। यदि किसी स्थल पर पांच हजार लोग प्रतिदिन उपस्थित हों, तो तीन समय भोजन, पेयजल, कच्चा माल, रसोई गैस, बर्तन, रसोइये, भंडारण और वितरण की पूरी श्रृंखला चाहिए। एंबुलेंस, चिकित्सा, शौचालय, कूड़ा प्रबंधन और सुरक्षा का खर्च अलग है। भुगतान नकद, बैंक हस्तांतरण, वस्तुओं के दान या स्वयंसेवी सहयोग से हो सकता है, लेकिन हर व्यवस्था की लागत होती है। मात्र 250 लोगों के सात दिवसीय शिविर के आयोजन के अनुभव से कह सकता हूं कि यह बड़े समूह के व्यवस्थित तन-मन-धन के सहयोग के बिना संभव नहीं।
2020-21 का किसान आंदोलन इस आर्थिक संरचना का महत्वपूर्ण उदाहरण है। सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर लंबे प्रदर्शन में लंगर, खाद्यान्न, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और सामुदायिक सहयोग की बड़ी भूमिका रही। किसान प्रतिनिधि तेजवीर सिंह के अनुसार, “We collected INR 500 from each village for the ‘Black Day’ programme on 15 August,” जबकि SGPC से जुड़े गुरुद्वारों ने प्रतिदिन लगभग 200–400 क्विंटल चावल, दाल और आटे की आपूर्ति समन्वित की। Review of Agrarian Studies में प्रकाशित शमशेर सिंह के अध्ययन के अनुसार, “Free community kitchens (langar) and cooked food stalls mushroomed overnight along the national highways,” तथा सब्जियां, दूध और अन्य सामग्री किसानों के गांवों से पहुंचाई जाती थीं। साथ ही, सरकार व जांच एजेंसियों ने विदेशी फंडिंग की संभावना की जांच की: NIA ने SFJ और GoFundMe से जुड़े धन तथा पांच देशों से सूचना मांगी, और ED ने मनी-लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। इससे प्रश्न उठता है कि महीनों चलने वाले आंदोलन में सहयोग का हिसाब कौन रखता है और सार्वजनिक जवाबदेही किसके प्रति होती है?
दूसरा पक्ष परिवहन और मानव संसाधन है। लोगों को लाने के लिए बसें, ट्रैक्टर और निजी वाहन लगते हैं। ईंधन, टोल, मरम्मत और ड्राइवरों का खर्च भी जुड़ता है। आयोजकों, समन्वयकों और संचार टीमों के बीच जिम्मेदारियां बांटी जाती हैं। कई शहरों में एक साथ प्रदर्शन हो, तो स्थानीय समितियों और केंद्रीय नेतृत्व के बीच लगातार संपर्क जरूरी होता है। यह संसाधनों के नियोजन और प्रबंधन की जटिल प्रक्रिया है।
तीसरा पक्ष कानूनी और मीडिया प्रबंधन है। गिरफ्तारियों, न्यायालयीन याचिकाओं और जमानत के लिए वकीलों, दस्तावेजी सहायता और कानूनी समन्वय की जरूरत पड़ती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस, विज्ञप्तियां, वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट, ग्राफिक्स और लाइव प्रसारण के लिए तकनीकी विशेषज्ञों तथा संचार टीम की आवश्यकता होती है। स्थानीय प्रदर्शन को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विमर्श तक पहुंचाने में डिजिटल प्लेटफॉर्म अहम हैं। सवाल है कि संदेश के निर्माण और प्रचार का खर्च कौन उठा रहा है? एक 60 सेकेंड के एआई वीडियो एडिटिंग का सामान्य खर्च लगभग 2500 रुपये आता है।
यहीं फंडिंग का गणित सामने आता है। आंदोलन को व्यक्तिगत दान, स्थानीय व्यापारियों, सामुदायिक संस्थाओं, ट्रेड यूनियन, किसान और सामाजिक संगठनों, ऑनलाइन क्राउडफंडिंग तथा वस्तुओं के रूप में सहयोग मिल सकता है। राजनीतिक संगठनों से जुड़े संसाधन भी उपलब्ध हो सकते हैं। विदेशी फंडिंग की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मूल बातें हैं कि धन किसने दिया, किस संस्था को दिया, किस उद्देश्य से दिया और उसका उपयोग कहां हुआ। एफसीआरए संशोधन विधेयक पारित होते ही विदेशी फंडिंग से सम्बंधित इन प्रश्नो का उत्तर आसानी से मिलेगा।
चिंता तब बढ़ती है जब एकत्रित धन और उसके उपयोग के बीच पारदर्शिता न हो। दानदाताओं को पता होना चाहिए कि उनका पैसा कहां खर्च हुआ। आयोजन समितियों को आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करन चाहिए। टेंट, भोजन, परिवहन और मीडिया सेवाओं के भुगतान का दस्तावेजी रिकॉर्ड हो। धन जुटाने वाले संगठन अपने वित्तीय स्रोतों और लाभार्थियों की जानकारी दे। इनसे आंदोलन की विश्वसनीयता बढ़ती है।
लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है; उसी के साथ वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही भी जरूरी है। राजनीतिक दलों, गैर-सरकारी संगठनों और सार्वजनिक संस्थाओं की तरह बड़े पैमाने पर धन जुटाने और खर्च करने वाले आंदोलनकारी संगठनों से भी वैधानिक जवाबदेही अपेक्षित है।
आंदोलन की सड़क पर दिखाई देने वाली भीड़ के पीछे आर्थिक संसाधनों का स्रोत क्या है? मंच खड़ा करने वाले, भोजन पहुंचाने वाले, बसों का किराया भरने वाले और डिजिटल प्रचार का खर्च उठाने वाले अक्सर पर्दे के पीछे रहते हैं। इसलिए केवल यह पूछना पर्याप्त नहीं कि आंदोलन किस मुद्दे पर है; यह भी पूछना होगा कि उसे चलाने का खर्च कौन उठा रहा है। विरोध का अधिकार जितना महत्वपूर्ण है, उसके नाम पर जुटाए गए धन का हिसाब भी उतना ही जरूरी है। भीड़ के पास जनबल होता है, लेकिन उसे महीनों बनाए रखने के लिए धनबल चाहिए। और जहां धनबल है, वहां बहीखाता भी होना चाहिए।
